17px
हिंदुस्तान का काला इतिहास · 1822–1848

ठगी —
मौत के सौदागर

वो गिरोह जिसने सदियों तक हिंदुस्तान की सड़कों पर मौत बेची — और जिसे एक अँग्रेज़ अफसर ने अंदर से तोड़ा

साल 1822। विलियम स्लीमन के दफ्तर में एक अजीब मामला आया — डाका नहीं, खून-खराबा नहीं, बस मुसाफिर गायब हो रहे थे। ऐसे जैसे जमीन खा गई हो। यह कहानी है उस जांच की, उन लाशों की, उस गिरोह की — और उस एक आदमी की जिसने पूरे हिंदुस्तान में फैले इस अदृश्य जाल को अंदर से तोड़ा।

अध्याय एक
Chapter I — The Mystery

मुसाफिर गायब हो रहे थे — बिना किसी निशान के

साल 1822। विलियम हेनरी स्लीमन को कंपनी सरकार ने नरसिंहपुर जिले का मजिस्ट्रेट बनाकर भेजा था। उम्र थी 34 बरस। वो बाकी अंग्रेजी अफसरों की तरह नहीं था — दिन भर दफ्तर में बैठे और शाम होते ही शराब पिए। स्लीमन को हिंदुस्तानी भाषा आती थी। वो हमारे तौर-तरीकों को बखूबी समझता था।

उस दौर में हिंदुस्तान की सड़कें वैसी नहीं थीं जैसी आज हैं। रास्ते कच्चे थे, जंगलों से होकर गुजरते थे — और जंगल इतने घने कि दोपहर में भी सूरज की रोशनी अंदर नहीं पहुंच पाती थी। लोग पैदल चलते थे, बैलगाड़ी से, या घोड़े पर। इन रास्तों पर डाकुओं का मिलना आम बात थी — वो घोड़े पर सवार होकर आते, तलवारें और बंदूकें चलाते, मारकाट मचाते और लाशों को सड़क पर छोड़कर माल लूट ले जाते। आसपास के गांव वालों को फौरन पता चल जाता — खौफ का माहौल बन जाता और साथ ही अपराधी भी।

लेकिन स्लीमन के दफ्तर में जो मामला सामने आने लगा था, वो बिल्कुल अलग था। जहाँ ना डाका पड़ रहा था, ना कोई खून-खराबा। बस मुसाफिर गायब हो रहे थे — ऐसे, जैसे गंजे के सर से बाल। एकदम नेचुरल तरीके से। कोई सुराग नहीं। कोई गवाह नहीं। मुसाफिर सुबह घर से निकलता और शाम होते ही उसका नामोनिशान गायब। जमीन खा गई या आसमान निगल गया — किसी को पता नहीं।

"एक सिपाही भाग सकता है। दो भाग सकते हैं। लेकिन सैकड़ों सिपाही भगोड़े नहीं हो सकते।"

— विलियम स्लीमन, नरसिंहपुर, 1822

स्लीमन ने जब रजिस्टर खोला तो एक पैटर्न नजर आया। जो लोग सबसे ज्यादा गायब हो रहे थे — वो थे अंग्रेजी फौज में काम करने वाले हिंदुस्तानी सिपाही। ये साल भर ड्यूटी करते और जब छुट्टी मिलती, तो गांव जाते — साथ में पूरे साल की तनख्वाह लेकर। चांदी के सिक्के और हुंडी। कानपुर और मेरठ की छावनी से निकलने से पहले घर वालों को चिट्ठी लिखते: "अगले हफ्ते तक पहुंच जाऊंगा।" लेकिन सिपाही कभी पहुंचता नहीं था।

घर वाले महीनों इंतजार करते। दूसरी तरफ फौज का अफसर उस सिपाही के नाम के आगे लाल स्याही से लिख देता — Deserter। भगोड़ा। सबको लगता पैसा लेकर भाग गया। पर स्लीमन यह मानने से इनकार करता था।

उसने पुराने रिकॉर्ड्स मंगवाए। हर सिपाही के रूट का नक्शा बनाया। एक बात साफ थी — सिपाही सिर्फ तभी गायब होते थे जब उनके पास नगद पैसे हों। लेकिन असली सवाल और भी थे। उस जमाने में मुसाफिर डाकुओं से बचने के लिए झुंड में चलते थे — 10 से 30 लोगों का काफिला। तो एक अकेला आदमी भटक सकता है, लेकिन बीस लोगों का पूरा झुंड एक साथ कैसे गायब हो सकता है? और अगर जंगली जानवर ने भी हमला किया होता, तो कपड़े, हथियार, हड्डियाँ तो मिलनी चाहिए थीं। और अगर डाकू थे, तो उनमें से कोई एक बचकर खबर तो दे सकता था।

स्लीमन ने थानेदार, कोतवाल और जमींदारों को बुलाकर पूछताछ की। सब हाथ जोड़कर बोले — "साहब, हमारे यहां बड़ी शांति है। कोई लूटपाट नहीं। शायद जंगल में रास्ता भटक गया होगा, किसी जानवर ने खा लिया होगा।" स्लीमन समझ चुका था — ये सब झूठ बोल रहे हैं। जो भी यह मौत का खेल खेल रहा था, वो जमींदारों और कोतवालों को उनका हिस्सा चुपचाप पहुंचा देता था ताकि वो अपनी जुबान और आंखें बंद रखें।

1822 — नरसिंहपुर लापता सिपाही कोई सुराग नहीं स्थानीय प्रशासन मिला हुआ स्लीमन की जांच शुरू
अध्याय दो
Chapter II — The Orchard

आम के बगीचे के नीचे — आठ लाशें

जब वर्दी वालों ने सच नहीं बताया, तो स्लीमन ने अपना तरीका बदला। उसने अपने सबसे भरोसेमंद आदमियों को भेष बदलकर भेजा — सरायों में, आमराइयों में, वहाँ जहाँ मुसाफिर रुककर आराम करते हैं। इन्होंने बंजारों और सौदागरों के बीच जाकर बात की। तब हवा में एक नाम तैरता हुआ उनके कानों तक पहुंचा।

स्थानीय बंजारे आग तापते हुए दबी आवाज़ में एक शब्द लेते थे — और लेने से पहले अपने आजू-बाजू देखते थे कि कोई सुन तो नहीं रहा। वो शब्द था: फांसीगर — यानी फांसी देने वाला।

☠ रुमाल — मौत का हथियार

ये लोग कोई आम चोर-डाकू नहीं थे। हथियार के रूप में तलवार या बंदूक नहीं — बस एक सूती का कपड़ा। एक रुमाल। जिसके बीच में चांदी या तांबे का एक सिक्का बंधा होता था, ताकि गले की नली आसानी से टूट सके। कोई आवाज़ नहीं। कोई खून नहीं। बस एक खामोश मौत।

तस्वीर थोड़ी साफ हो रही थी — लेकिन एक सवाल अभी भी जवाब माँग रहा था। हज़ारों लोग गायब हुए हैं। उनकी लाशें कहाँ हैं? और फिर एक दिन स्लीमन के पास एक घबराया हुआ मुखबिर पहुंचा। उसने कहा — "साहब, आम के बगीचे की जमीन के नीचे कुछ छुपा हुआ है। मेरे साथ चलिए।"

स्लीमन बिना समय गंवाए अपने सिपाहियों को लेकर निकल पड़ा। बगीचे में पहुंचने पर सब नॉर्मल लग रहा था। मुखबिर ने एक पेड़ की तरफ इशारा किया। स्लीमन ने सिपाहियों को इशारा किया — खोदो। ऊपर की 2-3 फीट मिट्टी एकदम नरम थी — साफ था कि कुछ ही दिन पहले इसे भरा गया है। और जब फावड़ा किसी चीज से टकराया — ना मिट्टी, ना पत्थर — तो सिपाही ने हाथ से मिट्टी हटाई। उसके हाथ में लगा एक चमड़े का जूता। और उस जूते के अंदर — एक पैर।

जब पूरा गड्ढा खोदा गया तो उस छोटी सी जगह में एक-दो नहीं, आठ लाशें थीं।

"मेरी आँखें खुली की खुली रह गईं — इसलिए नहीं कि एक गड्ढे में आठ लाशें थीं, बल्कि इसलिए कि जिस तरह उन्हें गट्ठर बनाकर ठूसा गया था — वो तरीका किसी इंसान का नहीं लगता था।"

— विलियम स्लीमन की डायरी, नरसिंहपुर, 1822

अंग्रेजी डॉक्टर को बुलाया गया। जांच में पता चला — इन सभी के घुटने और कोहनी के जॉइंट्स टूटे हुए थे, हड्डियाँ बाहर निकल रही थीं। वजह? इंसान के जितना लंबा गड्ढा खोदने में समय, मेहनत और शोर लगता है — उतना इन ठगों के पास नहीं था। तो मारने के बाद वो लाश के घुटने और कोहनी तोड़ देते थे ताकि उसे गठरी की तरह एक छोटे गड्ढे में फिट किया जा सके।

और एक बात और। इन सभी के पेट में एक लंबा चीरा लगाया गया था। मौत गला घोंटकर हुई थी — तो पेट में चाकू क्यों? स्लीमन ने गहराई से जांच की। तब समझ में आया — ठग अनपढ़ थे, लेकिन बेहद समझदार। जब लाश को दफनाते हैं तो सड़ने से शरीर में गैस बनती है, शरीर गुब्बारे की तरह फूलता है, ऊपर की मिट्टी उठने लगती है और दुर्गंध जंगली जानवरों को खींच लाती है — जो जमीन खोद के लाश बाहर निकाल देते। पेट का चीरा इसीलिए लगाया जाता था — ताकि गैस बाहर निकल जाए और शरीर सालों-साल मिट्टी का हिस्सा बना रहे।

स्लीमन समझ चुका था — उसका सामना किसी छोटे-मोटे गिरोह से नहीं है। यह एक बेहद पेशेवर, होशियार और संगठित हत्यारों का संसार है।

अध्याय तीन
Chapter III — The Trap

जब दोस्त ही कातिल निकले

मान लो कि तुम एक सिपाही या सौदागर हो — अपने गांव जा रहे हो, झोले में मेहनत से कमाए चांदी के सिक्के हैं, और रास्ता लंबा है। चोर, डकैत और लुटेरों का खतरा बना हुआ है।

और अचानक रास्ते में 10-12 लोगों का काफिला मिलता है। साफ-सुथरे सफेद कपड़े। भाषा इतनी मीठी कि जैसे मुंह से शहद टपक रहा हो। उनमें से एक शख्स तुम्हारे पास आता है और कहता है: "बाबूजी, अकेले जंगल में सफर करना ठीक नहीं — आगे बड़ा घना जंगल है, पिंडारियों का भी खतरा है। हम भी फलाने गांव की तरफ जा रहे हैं, मेला देखने। चलो हमारे साथ — बातें करते-करते सफर कट जाएगा।"

उस सुनसान जंगल में इतना बड़ा झुंड मिल जाए तो लगता है जैसे साक्षात भोलेनाथ आ गए हों रक्षा करने। और यही सोचते हुए मुसाफिर गलती कर देता है। इसी गलती की कीमत वो अपनी जान देकर चुकाता है।

ठगों के ओहदे — गिरोह की रैंक व्यवस्था

  • सोथा (Sotha): गिरोह का सबसे चालाक आदमी। नए मुसाफिरों से दोस्ती करना उसका काम था। मीठी बातों से भरोसा जीतना। वो बातों-बातों में पता कर लेता — कौन है, कितना माल है, हथियार है या नहीं।
  • लुग्घा (Lugha): कब्र खोदने वाले — ग्रेव डिगर्स। दिन भर चलने के बाद जब यह तय होता कि रात को शिकार कहाँ होगा, ये बहाना बनाकर काफिले से आगे निकल जाते और नदी किनारे या किसी बगीचे में गड्ढा खोद देते। इस गड्ढे को ये अपनी भाषा में भील कहते थे।
  • भुट्टोत (Bhuttote): गिरोह का सबसे खतरनाक सदस्य। स्ट्रेंगलर। पीले रुमाल के बीच में चांदी या तांबे का सिक्का बंधा होता था — ताकि गले की नली आसानी से टूट सके। इशारा मिलते ही वो पीछे से आता और एक पल में काम तमाम।

शाम ढल चुकी होती है। खाना खाने के बाद मुसाफिर थका हुआ बैठा है। कोई मृदंग बजा रहा है, कोई गाना गा रहा है। मुसाफिर बेफिक्री से आसमान में तारे गिन रहा है।

और तभी — गिरोह का सरदार आग के पास से एक छोटा सा इशारा करता है। ना गाली, ना सीटी। बस इतना: "तंबाकू लेकर आओ।" या फिर: "यह बताना, आसमान में कितने तारे हैं।"

सरदार के उस एक इशारे पर — कुछ ही पलों में — भुट्टोत उस मुसाफिर के पीछे आकर सूती का रुमाल उसके गले में लगा देता है। एक दूसरा ठग उसका पैर और घुटना पकड़ लेता है ताकि वो पलट न सके। रुमाल कसते ही, बिना किसी शोर-शराबे या खून-खराबे के — उस मुसाफिर की आँखें बाहर आ जाती हैं। जान चली जाती है।

जरा सोचिए — जिन लोगों के साथ आप हंस खेल रहे हैं, जिन्हें अपने बच्चों और बीवी की कहानियाँ सुना रहे हैं, जिनके साथ मुर्गा-बाटी खा रहे हैं — उन्हीं में से कुछ थोड़ी देर पहले आपकी कब्र खोद कर आए हैं।

— स्लीमन की डायरी से, ठगों के तरीके का विवरण

ठगों की गुप्त भाषा — रामसी

  • "तंबाकू लाओ" — मतलब: शिकार तैयार है, हमला करो
  • "पानी की ज़रूरत है" — मतलब: रुको, अभी नहीं
  • "घोड़ा बाँधो" — मतलब: कोई देख रहा है, सावधान
  • "आसमान में कितने तारे हैं" — मतलब: हाँ, अभी — काम करो

स्लीमन जब यह सब अपनी डायरी में नोट कर रहा था, तब वो एक बात समझ चुका था। इन ठगों को बाहर से पकड़ना नामुमकिन है। इनके गिरोह में सेंध मारनी होगी — या इनके किसी आदमी को पकड़कर गद्दार बनाना होगा।

अध्याय चार
Chapter IV — The Hunter

पाँच सिपाही — और फिरंगिया का नाम

विलियम हेनरी स्लीमैन

जन्म: 1788, कॉर्नवाल, इंग्लैंड

मृत्यु: 1856, समुद्र में (वापस इंग्लैंड जाते हुए)

पद: ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी का अधिकारी — "ठगी-दमन विभाग" के प्रमुख

Thugee Suppression 1835–1848 Sir William Sleeman

ठंड का मौसम। सागर के किले के सामने से अंग्रेजी सेना के पाँच हिंदुस्तानी सिपाही चलते हुए आ रहे थे — लंबे-चौड़े, चुस्त राजपूत और भूमिहार। हाथ में तलवार, कंधे पर सरकारी बंदूक। दो साल बाद छुट्टी मिली थी, गांव जा रहे थे। कमर पर चमड़े का झोला — जिसमें दो साल की तनख्वाह, चांदी के सिक्कों के रूप में।

स्लीमन उस वक्त किले के बुर्ज पर खड़ा था। उन्हें आता देखकर वो मन ही मन सोच रहा था — इनके पास बंदूकें और तलवारें हैं, कोई ठग इन पर हमला करने से पहले सौ बार सोचेगा। फिर भी उसने अपने दो होशियार घुड़सवारों को बुलाया और कहा: "इन पाँचों का पीछा करो। देखना, कोई ठग इन पर हमला न कर पाए।"

वो पाँच सिपाही दो मील ही चले होंगे कि उन्हें चार और लोग मिल गए — तीर्थ यात्री। साफ धोती, माथे पर चंदन का टीका, एक तो लकड़ी के सहारे चल रहा था। शक करने की कोई वजह नहीं थी। उन्होंने सिपाहियों को देखते ही कहा — "राम-राम सूबेदार साहब! हम काशी से लौट रहे हैं। आगे घना जंगल है, डाकुओं का खतरा है। आप जैसे कंपनी बहादुर साथ हों तो हमें कोई डर नहीं।"

सिपाहियों ने गर्व से कहा — "हमारे रहते तुम्हारा बाल भी बांका नहीं होगा। चलो।" और वो छह लोगों का काफिला घने जंगल की तरफ बढ़ गया। स्लीमन के घुड़सवार दूर से यह सब देख रहे थे। लेकिन रात होते ही ठंड के साथ कोहरा भी बढ़ा — और घुड़सवार रास्ता भटक गए।

तीसरे दिन — सागर के किले से 20 मील दूर, एक नदी के किनारे — उन सिपाहियों के घोड़े चरते हुए मिले। सामान लदा हुआ था। घोड़े और सामान तो था, सिपाही गायब। स्लीमन मौके पर पहुंचा। सामान और बंदूकें एक जगह इकट्ठा करके रखी हुई थीं। उसने पूरे जंगल को घिरवाया और हुक्म दिया — मिट्टी खोदो।

उसी नदी के किनारे, एक छोटे से गड्ढे में — पाँचों सिपाहियों की लाशें ठूस-ठूस कर भरी हुई थीं। घुटने टूटे, कोहनी मुड़ी, गर्दन पर नीला निशान। बंदूकें और तलवारें होने के बावजूद ठगों ने उन्हें बिना किसी शोर के ओवरपावर कर लिया था।

40,000 अनुमानित सक्रिय ठग
अपने चरम पर
30,000+ हत्याएँ प्रति वर्ष
(ब्रिटिश अनुमान)
600+ वर्षों तक सक्रिय
इस संगठन का इतिहास

स्लीमन ने नई तरकीब लगाई। उसने सागर के सभी बड़े जमींदारों पर दबाव डलवाया — और कानून में बदलाव करवाया। जमींदारों से कहा: "अगर तुम्हारी जमीन पर ठगों की मारी लाश मिली, तो पूरी जमींदारी सरकारी खजाने में चली जाएगी।" जमींदार घबरा गए। जो सदियों से ठगों से अपना हिस्सा लेकर चुप रहते थे, उन्हें अब अपनी जमींदारी खतरे में दिखने लगी।

साल 1829। ठंड के महीने में एक जमींदार स्लीमन के पास एक खबर लेकर आया: "पासी के गांव में एक आदमी रहता है। दिखने में शरीफ किसान लगेगा — लेकिन वो हिंदुस्तान के सबसे बड़े ठगों के परिवार से है। उसका नाम है फिरंगिया।"

यह नाम सुनते ही स्लीमन की आँखें चमक गईं। फिरंगिया कोई छोटा-मोटा चोर नहीं था — वो ठगों का सरदार था। उसके अंदर 300 भुट्टोत काम करते थे। और भेष बदलने में वो इतना उस्ताद था कि पहचानना ही मुश्किल था।

"मेरे पिता ठग थे। उनके पिता ठग थे। मेरे बेटे को भी मैंने यही सिखाया। यह हमारा धर्म है, हमारा पेशा है।"

— फिरंगिया (Feringhea), कुख्यात ठग सरदार, 1833
अध्याय पाँच
Chapter V — The Strategy

स्लीमैन का जाल — फिरंगिया को पकड़ना

फिरंगिया को पकड़ना आसान नहीं था। वो इतने सालों से ठगों की दुनिया में था कि उसकी सूंघने की ताकत बेजोड़ थी — खतरे को भाँपते ही गायब। भेष बदलने में उस्ताद। सीधे पकड़ना नामुमकिन।

स्लीमन ने एक ऐसी रणनीति अपनाई जो उस जमाने के लिए बिल्कुल नई थी। उसने ठगों को ठगों से ही पकड़ा।

स्लीमैन का तीन-स्तरीय प्लान

  • मुखबिर तंत्र: पकड़े गए ठगों को माफी और जान बचाने का लालच देकर जासूस बनाया। इन्हें "Approvers" कहते थे। ठग अपने साथियों को पहचानते थे — भेष बदलने के बावजूद।
  • केंद्रीय रिकॉर्ड: हर ठग का नाम, उसके साथी, उसके रास्ते — सब एक जगह दर्ज। भारत में यह पहला ऐसा आपराधिक डेटाबेस था।
  • राज्यों की सीमाओं से परे: स्लीमैन को अधिकार था कि वो किसी भी रियासत में जाकर ठगों को गिरफ्तार कर सके — कोई हद नहीं।

ठगों में एक नियम था — जिस आदमी ने सबसे ज्यादा खून किए हों, या जिसका खानदान यह काम सदियों से करता आया हो, वही गिरोह का जमादार या सूबेदार बनता था। फिरंगिया उसी खानदान से था। उसके नाम पर 300 भुट्टोत।

जब फिरंगिया आखिरकार पकड़ा गया, तो स्लीमन ने उसे फाँसी की जगह एक सौदा दिया: "अपने पूरे नेटवर्क की जानकारी दो — जीवन बख्शा जाएगा।" फिरंगिया टूट गया। उसने जो जानकारी दी, उसने पूरे ठग नेटवर्क की कमर तोड़ दी। खुद उसके बयान के मुताबिक उसने 931 लोगों की हत्या अपने हाथों से की थी।

"ये कोई साधारण अपराधी नहीं हैं। इनका एक पूरा संसार है — अपनी भाषा, अपने देवता, अपने नियम। इन्हें खत्म करने के लिए इनकी दुनिया को अंदर से समझना होगा।"

— विलियम स्लीमैन, अपनी डायरी में, 1828

एक के बाद एक, पूरे देश में ठगों की गिरफ्तारियाँ होने लगीं। 1835 में गवर्नर जनरल विलियम बेंटिंक ने "Thuggee and Dacoity Department" बनाया — और स्लीमैन उसके पहले प्रमुख बने।

1822

स्लीमन की पहली जाँच

नरसिंहपुर में लापता सिपाहियों का मामला। रजिस्टर में पैटर्न। आम के बगीचे में आठ लाशें — स्लीमन को पहला असली सुराग।

1829

फिरंगिया का सुराग

जमींदारों पर दबाव का नतीजा। एक मुखबिर ने पासी गांव के उस शख्स का नाम बताया जो दिन में किसान और रात को ठगों का सरदार था।

1830

पहली बड़ी गिरफ्तारियाँ

Approver तंत्र काम करने लगा। 50 से ज़्यादा ठग एक साथ गिरफ्तार। सबूत इकट्ठा होने शुरू।

1835

ऑपरेशन आधिकारिक

गवर्नर जनरल बेंटिंक ने "Thuggee and Dacoity Department" बनाया। स्लीमैन इसके पहले प्रमुख।

1839

4,500+ गिरफ्तारियाँ

मात्र चार साल में हज़ारों ठग पकड़े गए। 400 से ज़्यादा को फाँसी।

1848

ठगी का अंत

स्लीमन को "सर" की उपाधि मिली। ठगी लगभग पूरी तरह खत्म। 13,000+ ठग या तो फाँसी पर, या जेल में, या निर्वासन में।

अध्याय छह
Chapter VI — Legacy

ठगी का अंत — और एक शब्द की शुरुआत

स्लीमैन की कार्रवाई में कुल 13,000 से ज़्यादा ठग पकड़े गए। यह भारतीय इतिहास की सबसे बड़ी आपराधिक सफाई थी। सदियों पुराना पंथ कुछ ही दशकों में इतिहास बन गया।

लेकिन ठगों ने दुनिया को एक चीज़ ज़रूर दी — एक शब्द। हिंदी का ठग — धोखेबाज़, छलिया — आज अंग्रेज़ी में "Thug" बन चुका है। आज जब कोई अमेरिकी रैपर खुद को Thug कहता है, तो शायद उसे नहीं पता कि यह शब्द भारत की उन सड़कों से आया है जहाँ कभी रात को यात्रा करना मौत को बुलाना था।

"स्लीमैन ने सिर्फ ठगों को नहीं पकड़ा। उसने एक पूरी सभ्यता को — जो अंधेरे में जी रही थी — रोशनी में लाने की कोशिश की।"

— Kim Wagner, इतिहासकार, 'Thuggee: Banditry and the British in Early Nineteenth-Century India'

स्लीमैन की विरासत

  • ठगी और डकैती विभाग — भारत की पहली केंद्रीय जाँच एजेंसी का पूर्वज
  • उनकी किताब Ramaseana — ठगों की भाषा और तरीकों का पहला दस्तावेज़
  • आधुनिक फिंगरप्रिंटिंग और अपराध-डेटाबेस के विचार उनसे प्रेरित
  • Jules Verne की Around the World in 80 Days में ठगों का ज़िक्र उन्हीं के दस्तावेज़ों पर आधारित
  • शब्द "Thug" आज विश्व की हर भाषा में मौजूद — जड़ें हैं भारत में